संजय पाठक | जौनपुर1 दिन पहले
जौनपुर के खेतासराय में 1 मई को दूल्हे आजाद बिन्द की हत्या के मामले में परिजनों को आरोपियों के कोर्ट में आत्मसमर्पण करने का डर सता रहा है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी रवि यादव को मुठभेड़ में मार गिराया था। हालांकि, दो अन्य आरोपी भोले राजभर और प्रदीप बिन्द अभी भी फरार हैं।
आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की मृतक की बहन सौम्या बिन्द लगातार प्रशासन से मिलकर न्याय की गुहार लगा रही हैं। बुधवार को उन्होंने जिलाधिकारी सैमुअल पाल से मुलाकात की। सौम्या बिन्द ने जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान अपनी आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें डर है कि फरार आरोपी कोर्ट में आत्मसमर्पण कर सकते हैं। उन्होंने मांग की कि जिस तरह रवि यादव का एनकाउंटर हुआ, उसी तरह अन्य आरोपियों का भी एनकाउंटर किया जाए।
सौम्या बिन्द ने कहा कि किसी भी अधिकारी को यह संवैधानिक अधिकार नहीं होता कि कोई अपराधी कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दे और उसके बाद पीड़ित परिवार को कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ें। उन्होंने इस मामले में जातिगत पहलू न लाने की अपील की।
सौम्या बिन्द ने रवि यादव के परिजनों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को गलत बताया। उन्होंने सवाल किया कि यदि रवि यादव निर्दोष था तो वह क्यों भाग रहा था और उसके परिजन अब तक चुप क्यों थे। उन्होंने यह भी बताया कि रवि यादव पहले भी एक हत्या में शामिल था और उसके बाद उसने उनके भाई की हत्या की। परिवार प्रशासन से न्याय की उम्मीद कर रहा है।
दबंग जनता न्यूज
पुलिस कर रही छापेमारी
चर्चित दूल्हा हत्याकांड में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मुख्य आरोपित प्रदीप बिंद की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में सरेंडर संबंधी प्रार्थना पत्र दाखिल किए जाने की चर्चा है, वहीं दूसरे आरोपित भोले राजभर ने जिला न्यायालय में अर्जी दी है। एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपितों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोर्ट में दाखिल प्रार्थना पत्रों की जानकारी मिलने के बाद निगरानी और बढ़ा दी गई है। सीमावर्ती जिलों में भी पुलिस सक्रिय है। घटना के बाद से तीन मुख्य आरोपितों में से एक को मुठभेड़ में मार गिराए जाने के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
हत्याकांड में संलिप्त लोगों पर रासुका और गैंग्सटर लगाने की भी तैयारी चल रही है। फरार आरोपितों की तलाश में रिश्तेदारों और करीबियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस बदलेगी रणनीति
दूल्हा हत्याकांड के तीन मुख्य आरोपितों में से सोमवार को मुठभेड़ में मारे गए रवि यादव के बाद अब अन्य दो आरोपितों तक पहुंचने के लिए पुलिस नए सिरे से रणनीति तैयार कर रही है। एसपी कुवर अनुपम सिंह ने बताया कि रवि यादव तक जिस तरीके से पुलिस टीम पहुंची, उसी थ्योरी को बाकी दोनों आरोपितों तक पहुंचने के लिए भी आजमाया जाएगा। गठित 10 टीमों के कुछ सदस्यों को अलग-अलग टीमों के साथ जोड़ा जाएगा।
रवि यादव की तरह आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के चिकसांवा निवासी प्रदीप बिंद और सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर निवासी भोले राजभर की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। इस हत्याकांड में संलिप्त लोगों पर रासुका और गैंग्सटर लगाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
0 Comments